Deoli News 17 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नासिरदा और हनुमान नगर थाने में शनिवार को मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस ने पीड़ित पक्षों की शिकायतों पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला मामला नासिरदा थाना क्षेत्र के तितरिया गांव का है। यहां के निवासी प्रधान कुमावत पुत्र रामदेव कुमावत ने गांव के ही भंवर सिंह राजपूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 16 मई की सुबह करीब 10:30 बजे जब वह अपने खेत पर जा रहा था, तब रास्ते में भंवर सिंह ने उसे रोक लिया। रिपोर्ट में बताया कि उसे शक था कि शिकायतकर्ता ने ही उसका बजरी से भरा ट्रैक्टर पुलिस से पकड़वाया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए अभियुक्त ने पहले गाली-गलौज की और फिर पास में पड़ी एक मजबूत लकड़ी से शिकायतकर्ता की पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह चोटिल हो गया। मौके पर मौजूद लक्ष्मण कुमावत ने बीच-बचाव कर जान बचाई। पीड़ित ने बताया कि अभियुक्त ने इससे दो दिन पहले 14 मई को फोन पर भी जान से मारने की धमकी दी थी।
जबकि दूसरा मामला हनुमान नगर थाना क्षेत्र का है। यहां भाव का गुड़ा (जहाजपुर) निवासी धनराज मीणा पुत्र रामराज मीणा ने हनुमान नगर के ही क्षेत्र के रहने वाले धर्मराज कंजर, विक्रम कंजर, राहुल, लकबीर कंजर और 3-4 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। घटना 15 मई की बताई गई है, जब धनराज मीणा अपने रिश्तेदारों के साथ सगस जी महाराज के स्थान पर आयोजित एक कार्यक्रम के बाद बचे हुए भोजन और आटे को मछलियों को खिलाने तालाब पर गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद कंजर समाज के युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे और उन्होंने तालाब में भोजन डालने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते आरोपियों ने लकड़ियों से धनराज और उसके रिश्तेदारों पर हमला बोल दिया, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। स्थानीय लोगों के दखल के बाद मामला शांत हुआ। हनुमान नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया है।


