Deoli News 15 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देश की तीनों प्रमुख तेल कंपनियों द्वारा ईंधन के दामों में की गई बढ़ोत्तरी का असर अब आमजन पर भी पड़ने लगा है। गुरुवार रात 12 बजे से लागू हुई नई दरों के बाद पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब तीन रुपए प्रति लीटर से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
देवली में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के किशनराम मोहनलाल पंप संचालक सौरभ जिंदल ने बताया कि नई दरों के अनुसार डीजल की कीमत में 3.10 रुपए की वृद्धि हुई है, जिससे अब डीजल 93.77 रुपए प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। इसी तरह पेट्रोल के दामों में भी 3.25 रुपए का इजाफा हुआ है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 108.58 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। प्रीमियम श्रेणी में एचपी का पावर पेट्रोल अब 118.83 रुपए प्रति लीटर के स्तर पर आ गया है। हालांकि टर्बो डीजल के भाव भी बढ़े हैं, लेकिन देवली में इसकी उपलब्धता नहीं होने से स्थानीय स्तर पर इसका प्रभाव नहीं है। अचानक हुई इस बढ़ोतरी से आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
देर रात कीमतें लागू होने के कारण शुरुआती घंटों में अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई, लेकिन सुबह होते ही पंपों पर बढ़ी हुई कीमतों ने उपभोक्ताओं को चौंका दिया। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई अपील को भी विशेषज्ञ अब इसी आर्थिक बदलाव और कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के संदर्भ में देख रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से आगामी दिनों में माल ढुलाई और दैनिक उपभोग की वस्तुओं की कीमतों में भी वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।



