Deoli News 16 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री जाट समाज विकास समिति देवली के तत्वावधान में रविवार को देहलवालजी मंदिर परिसर स्थित समाज की धर्मशाला में बैठक हुई। बैठक अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में हुई।

इसमें देवली, दूनी व जहाजपुर तहसील के करीब 31 से अधिक गांवों के समाज के लोगों ने भाग लिया। यहां आगामी 17 मई को आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। वहीं सर्वसम्मति से शिक्षाविद शिवजीलाल चौधरी (सरोली) को आयोजन समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि समारोह के माध्यम से समाज के मेधावी विद्यार्थियों, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित युवाओं और अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावानों को सम्मानित किया जाएगा।

वक्ताओं ने समाज की एकता को मजबूत बनाए रखने पर जोर देते हुए नए सदस्यों को समाज से जोड़ने तथा गांव-गांव जाकर कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार करने की बात कही। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों, विशेष रूप से मृत्युभोज सहित परंपराओं पर अनावश्यक खर्च को कम करने तथा सामाजिक कार्यक्रमों को सादगीपूर्ण बनाने पर भी गंभीर चर्चा की गई। बैठक के बाद समाज का होली स्नेह मिलन एवं स्नेहभोज हुआ।
प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर अगली बैठक देहलवाल बाबा मंदिर सिरोही में 22 मार्च को होगी।


