देवली के वाइस चेयरमैन ने 51 हजार रुपए भेंट किए
Deoli News 7 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा, जब राजकीय कन्या महाविद्यालय के सामने नवनिर्मित खाटू श्याम मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न हुआ। इस दौरान कई धार्मिक कार्यक्रम हुए।
“लखदातार की जय” और “हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा” के जयकारों के बीच 21 वैदिक आचार्यों ने मंत्रोच्चारण के साथ बाबा श्याम को प्रतिष्ठित किया। यह अब टोंक जिले का पांचवा प्रमुख खाटू श्याम मंदिर बन गया है। इस महोत्सव की सबसे विशेष बात खाटू धाम से लाई गई अखंड ज्योत रही, जिसे मंदिर में आजीवन प्रज्वलित रखने के संकल्प के साथ स्थापित किया गया। भगवान को छप्पन भोग लगाया गया और समूचा परिसर श्याम भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
नानी बाई का मायरो और भावुक हुए भक्त
महोत्सव के दौरान कथावाचक पं अनिरुद्ध खांडल ने ‘नानी बाई को मायरो’ की कथा सुनाई। शुक्रवार रात जब भक्त नरसी के मायरा का प्रसंग आया, तो श्रोताओं की आंखें नम हो गईं और पूरा पांडाल भक्तिभाव में डूब गया। कथावाचक ने संदेश दिया कि ईश्वर अपने भक्त की लाज कभी जाने नहीं देते। मंदिर निर्माण और व्यवस्थाओं में दानदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौरान देवली नगरपालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल ने 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी, वहीं अन्य भामाशाहों द्वारा चांदी का मुकुट, छत्र, वाटर कूलर और इलेक्ट्रॉनिक मशीनें भेंट की। उल्लेखनीय है कि देवली के हाईवे पर सिरोही गांव में भी भगवान खाटू श्याम का लोकप्रिय मंदिर है, जो पिछले काफी वर्षों से खाटू श्याम के भक्तों के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है।


