Deoli News 19 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत देवली में 21 जनवरी को ममता सर्कल स्थित आनंद चौक में 21 हजार दीपकों से दीपोत्सव, रंगीन आतिशबाजी व महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं 22 जनवरी को सुबह 6:30 बजे से 8 बजे तक आरएसएस द्वारा देवली में निर्धारित सभी बस्तियों में प्रभातफेरी का आयोजन होगा।
वहीं 11 बजे से एक बजे तक राठौर तेलियान मंदिर के बाहर एलईडी पर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इस दौरान स्वयंसेवक व रामसेवक संगीतमय रामधुनी पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इसके बाद कार सेवकों का सम्मान कर प्रसाद वितरण किया जाएगा। राम, लक्ष्मण, जानकी की सजीव झांकी के साथ छतरी चौराहे से विशाल वाहन रैली शुरू होगी।
यह रहेगा वाहन रैली का रूट
वाहन रैली छतरी चौराहे से ममता सर्कल से आनंद चौक होते हुए कीर मोहल्ला से बंगाली कॉलोनी से पुनः ममता सर्कल पहुंचेगी। यहां से सीआईएसफ गेट, टेलीफोन एक्सचेंज के समीप से पटेल नगर होते हुए णमोकार हॉस्पिटल से पेट्रोल पंप चौराहे पहुंचेगी। इसी तरह वाहन रैली प्रमुख मार्गो से गुजरेगी। महाराणा प्रताप सर्कल पर रैली का विसर्जन होगा।
हनुमान चालीसा पठन 22 को
श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मौके पर श्री राठौर तेलियान साहू समाज देवली की ओर से तेलियान पंचायत मंदिर पर संगीतमय हनुमान चालीसा का पठन किया जाएगा। इसमें सभी समाज के लोग मौजूद रहेंगे। यह जानकारी आकाश साहू ने दी।


