Deoli News 28 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत देवली में नए बस स्टैंड के लिए भूमि आवंटन का मामला एक बार फिर गरमा गया है। जिला कलक्टर कार्यालय टोंक द्वारा जारी ताजा आदेश के बाद शहर में हलचल तेज हो गई है। हाल ही में दोबारा प्रशासन का नया पत्र सामने आया है।
इससे पहले भी जब बस स्टैंड को शहर से बाहर ले जाने की चर्चाएं चली थीं, तब स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए बस स्टैंड को शहर के भीतर ही रखने की मांग की थी। दरअसल बस स्टैंड को बाहर स्थानांतरित करने की मुख्य वजह यहां की बदहाल व्यवस्था और बेकाबू अतिक्रमण है। वर्तमान बस स्टैंड परिसर और मुख्य मार्ग पर फल-सब्जी के ठेला विक्रेताओं व पक्के अतिक्रमणों के चलते जगह पूरी तरह सिकुड़ चुकी है। इसके चलते यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और बसों के संचालन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिला प्रशासन द्वारा गठित कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में संचालित बस स्टैंड का पहुंच मार्ग 60 फीट से कम चौड़ा है। इस कारण मौजूदा स्थान पर नए बस स्टैंड का निर्माण संभव नहीं माना गया है। इसके अलावा पालिका स्वामित्व की कोई अन्य उपयुक्त भूमि भी शहरी क्षेत्र में उपलब्ध नहीं है। इस स्थिति को देखते हुए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी देवली को 7 दिन के भीतर उपयुक्त भूमि का चयन कर राजस्व अभिलेखों सहित प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए हैं।



