दूनी अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम
Deoli News 28 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी क्षेत्र में सोमवार को तीन अलग-अलग दर्दनाक हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की जान चली गई। पुलिस ने सभी मामलों में कार्रवाई करते हुए दूनी अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पहला हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर जूनिया मोड़ पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। मेहंदवास थाना क्षेत्र के बीबोलाव निवासी रामजीलाल मीणा अपनी पत्नी नौसर देवी के साथ बहन की कुशलक्षेम पूछने बूंदी जा रहे थे। इस दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से नौसर देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। दूसरा मामला नगरफोर्ट थाना क्षेत्र के सतवाड़ा गांव से सामने आया, जहां पैर फिसलने की आशंका के चलते कुएं में गिरने से 36 वर्षीय युवक मुकेश बैरवा की मौत हो गई।
मुकेश रविवार सुबह से लापता था। सोमवार को परिजनों को कुएं के पास उसकी चप्पल और कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से तलाशी अभियान चलाकर शव को कुएं से बाहर निकाला गया। मृतक गैरोली मोड़ स्थित एक होटल पर काम करता था। जबकि तीसरी घटना घाड़ थाना क्षेत्र की है, जहां धुआं खुर्द निवासी 35 वर्षीय भृतहरीनाथ ने पारिवारिक कारणों के चलते धुआं कलां के जंगलों में चिल्लर के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
जंगल में मवेशी चरा रहे चरवाहों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


