Jahazpur News 2 जून (मोहम्मद आज़ाद नेब) ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी ने देश एवं प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नेट पेपर लीक प्रकरण तथा स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को उपखंड अधिकारी ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, दूध सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ने से परिवारों का बजट बिगड़ गया है। वहीं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परिवहन एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं भी महंगी हो गई हैं। कांग्रेस ने कृषि लागत में वृद्धि, किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को भी गंभीर मुद्दा बताया। ज्ञापन में कहा गया कि नेट पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
इसके अलावा कांग्रेस ने गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने, जिला अस्पताल को जनभावनाओं के अनुरूप उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने तथा जहाजपुर-देवली मार्ग पर लंबे समय से बंद पड़े सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करवाने की मांग की। स्थानीय स्तर पर बिजली कटौती एवं पेयजल समस्या के समाधान की भी मांग रखी गई।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


