Tuesday, June 2, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskसरकारी अस्पताल, बस स्टैंड स्थानांतरण और पुरानी मंडी बहाली की मांग

सरकारी अस्पताल, बस स्टैंड स्थानांतरण और पुरानी मंडी बहाली की मांग

देवली में जनहित के मुद्दों को लेकर बंद और प्रदर्शन


Deoli News 2 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में मंगलवार को स्थानीय व्यापारियों और आमजन ने प्रतीकात्मक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विशाल प्रदर्शन किया। यह विरोध राजकीय उपजिला अस्पताल और रोडवेज बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव के खिलाफ किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संयुक्त ज्ञापन सौंपकर इन सुविधाओं को यथावत रखने और पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में जिन्स मंडी को पुनः संचालित करने की पुरजोर मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि वर्तमान उपजिला अस्पताल शहर के मध्य में स्थित है, जहाँ से ग्रामीण और शहरी आबादी को चिकित्सा सुविधाएं सुलभता से मिलती हैं। अस्पताल को दूर स्थानांतरित करने से आपातकालीन स्थिति में मरीजों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रस्तावित नई भूमि शहर से दूर है और वहाँ तक पहुँचने का मार्ग संकरा एवं दुर्गम है।

करीब 35 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस भवन के लिए विशेषज्ञों ने भी वर्तमान प्रस्तावित भूमि को अनुपयुक्त बताया है। लोगों की मांग है कि नया भवन शहर के मध्य किसी उपयुक्त स्थान पर ही बनाया जाए और तब तक निविदा प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए। इसी तरह रोडवेज बस स्टैंड के स्थानांतरण को लेकर भी लोगों में भारी आक्रोश है। ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र में स्थित बस स्टैंड से विद्यार्थियों, महिलाओं और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा रहती है। स्थानांतरण से यात्रियों का समय और पैसा दोनों बर्बाद होंगे, साथ ही स्थानीय व्यापार पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ेगा। लोगों का मानना है कि वर्तमान बस स्टैंड परिसर पर्याप्त है और इसे आधुनिक सुविधाएं देकर बेहतर बनाया जा सकता है।

प्रदर्शन के दौरान पुरानी कृषि उपज मंडी में जिन्स मंडी को पुनः शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुरानी मंडी किसानों और व्यापारियों के लिए पारंपरिक और सुविधाजनक केंद्र रही है। इसे पुनः संचालित करने से न केवल किसानों का परिवहन खर्च बचेगा, बल्कि स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों और नगर की आर्थिक स्थिति को भी संबल मिलेगा। मंडी को दूर ले जाने के कारण पहले से ही स्थानीय रोजगार प्रभावित हुआ है। इस विरोध प्रदर्शन में व्यापारियों, मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों, बस स्टैंड क्षेत्र के व्यवसायियों, किसान प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अस्पताल और बस स्टैंड को शहर के भीतर ही बनाए रखने तथा जिन्स मंडी बहाली पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।

इससे पहले शहर के लोग नारेबाजी करते हुए हाथों में तख्तियां लेकर धान मंडी से मुख्य बाजार होते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन दिया। इस दौरान शहर के सभी प्रतिष्ठान बंद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d