Deoli News 21 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर सोमवार को नगर पालिका सभा भवन में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया से पहले भाजपा के सभी पार्षद नगर पालिका सभा भवन पहुंच गए हैं।
भाजपा के करीब एक दर्जन पार्षद एक बस में सवार होकर मतदान स्थल पहुंचे, जबकि अन्य पार्षद चार-चार के समूह में मतदान के लिए नगर पालिका पहुंच रहे हैं। भाजपा के समर्थन में आए निर्दलीय पार्षद भी मतदान स्थल पर पहुंच चुके हैं। वहीं वार्ड नंबर 29 से निर्दलीय निर्वाचित पार्षद मुकेश कुमार अपनी निजी गाड़ी से अलग पहुंचे। पूर्व पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन भी अपनी गाड़ी से नगर पालिका सभा भवन पहुंचे। नगर पालिका परिसर के बाहर समर्थकों की भी भीड़ जुटी हुई है। समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए मतगणना दोपहर 2 बजे बाद होगी, जिसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने पर अध्यक्ष के निर्वाचित होने की जानकारी दी जाएगी।
अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से कजोड़ी देवी और कांग्रेस की ओर से बनवारी लाल बैरवा के बीच सीधा मुकाबला है। नगर पालिका सभा भवन के बाहर ढोल नगाड़े की आवाज गूंज रही है।


