Deoli News 22 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध के जलभराव क्षेत्र में सोमवार सुबह घर से लापता चल रही महिला का शव तैरता हुआ मिला। मृतका की पहचान अजमेर जिले के सावर थाना क्षेत्र के बाजटा निवासी शिमला पत्नी नाथूलाल बैरवा के रूप में हुई है।
वह पिछले पांच दिनों से अपने घर से लापता थी और मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। रामथला के पास बीसलपुर बांध के जलभराव में शव तैरता देख ग्रामीणों ने नासिरदा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी नेकीराम के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। बाजटा सरपंच शंभूलाल ने बताया कि शिमला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी।
परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सावर थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। मृतका के दो बेटियां और एक बेटा है। शव को देवली उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दी, पुलिस मामले की जांच कर रही है।



