विद्युत उपकरण फूंकने का सता रहा है डर
Deoli News 27 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप की ऊंचा पंचायत स्थित श्याम नगर कॉलोनी में आए दिन बिजली आपूर्ति ठप रहने तथा कम वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान है। जिसका निराकरण नहीं हो पा रहा है।
वही इस समस्या से लोग बुरी तरह परेशान हो चुके हैं। कॉलोनीवासी भानु सिंहल, हरिराम शर्मा, राजकुमार सिंधी, हन्नु सिंह शक्तावत, बाबूलाल मीणा, कमल जैन, चंद्र प्रकाश नामा समेत लोगों ने बताया कि श्याम नगर कॉलोनी में दर्जनों परिवार रहते हैं। लेकिन यहां कई बार पूरी रात बिजली बंद रहती है। बिजली बंद होने से गर्मी के चलते लोग बेहाल है। वहीं बिजली आपूर्ति आती है तो वोल्टेज काफी कम है। जिसकी वजह से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फूंकने का लोगों को डर सता रहा है। निगम के अभियंताओं को फोन किया जाता है तो वह कॉल रिसीव नहीं करते। ऐसी स्थिति में बिजली सप्लाई होने के बावजूद लोग उपकरण चालू नहीं कर पा रहे हैं। इसी तरह लोग पेयजल संकट से भी जूझ रहे हैं। लेकिन उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
इस संबंध में सहायक अभियंता जहाजपुर का कहना है कि उक्त क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या है। आगामी 4 जून के बाद इसका प्रस्ताव बनाकर सही करवाया जाएगा। मौजूदा समय में आचार संहिता होने की वजह से प्रपोजल सेंशन नहीं हो पा रही है।


