Deoli News 12 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध के लिए बुधवार सुबह अच्छी सुखद सामने आई। बांध के प्रमुख जल स्रोत बीगोद स्थित त्रिवेणी केंद्र पर मौजूदा मानसून सीजन में पहली और बड़ी आवक दर्ज की गई।
बुधवार सुबह 6 बजे त्रिवेणी का जलस्तर 5.10 मीटर पहुंच गया। त्रिवेणी में पानी का यह स्तर बीसलपुर बांध में आगामी दिनों में पानी की अच्छी आवक की उम्मीद जगा रहा है। पिछले दो दिनों में कैचमेंट एरिया सहित प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश के बाद त्रिवेणी में पानी की आवक बढ़ी है। त्रिवेणी केंद्र बनास, बेड़च और मेनाली नदियों के संगम का प्रमुख केंद्र है। यहां जलस्तर बढ़ने के बाद इसी पानी की आगे बीसलपुर बांध में बड़ी आवक होती है। इधर, बुधवार सुबह 6 बजे बीसलपुर बांध का जलस्तर 313.57 मीटर दर्ज किया गया। बांध में वर्तमान में 25.320 टीएमसी पानी उपलब्ध है, जो कुल भराव क्षमता का 65.42 प्रतिशत है। बीते 24 घंटे में बांध क्षेत्र में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मानसून सीजन में अब तक कुल 465 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
इस बार मानसून की शुरुआत अपेक्षाकृत कमजोर रहने के कारण बीसलपुर बांध में पानी की आवक सीमित रही है। ऐसे में त्रिवेणी में 5.10 मीटर का जलस्तर बढ़ना बांध के लिए महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। यदि आगामी दिनों में कैचमेंट क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहा तो त्रिवेणी से बीसलपुर बांध की ओर पानी की आवक और बढ़ सकती है। आज देवली क्षेत्र में फिर से बारिश होने की प्रबल संभावना है। दिनभर बादल छाए रहेंगे। वहीं बिजली कड़कने की संभावना है। ऐसा मौसम विभाग का पूर्वानुमान है। जबकि गत वर्ष जुलाई महीने में ही बीसलपुर बांध पूरा भर गया था।



