-
पीछा किया तो फेंके पत्थर
-
बीती रात केंद्रीय विद्यालय के पास की वारदात
-
देवली क्षेत्र में वारदातों पर नहीं लग रहा अंकुश
Deoli News 24 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद है कि उन्होंने देर रात अपने घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। इन बदमाशों को पुलिस का तनिक भी भय नहीं है। दरअसल यह वारदात पुराने अजमेर मार्ग पर केंद्रीय विद्यालय के समीप हुई।
जानकारी अनुसार बीती रात को करीब ढाई बजे पुराने अजमेर रोड पर केंद्रीय विद्यालय के समीप स्थित महाराणा प्रताप बस्ती निवासी अमर सिंह (अम्बालाल) पुत्र नारायण गाडिया लुहार अपने घर के बाहर सो रहा था। इसी दौरान रात के 2.30 पर आए बदमाश बड़ी सफाई से पीड़ित के दोनों कानो में पहनी झेला मुर्की खोलने लगे। इस पर बदमाशों ने एक कान की डेढ़ तोला सोने की झेला मुर्की खोल ली और जब दूसरे कान की खोलने लगे तो पीड़ित अमरसिंह जाग गया। पीड़ित ने हल्ला मचाया तो बदमाश भाग छुटे। इस दौरान बदमाश उसके एक कान की डेढ़ तोला वजनी सोने मुर्की साथ ले जाने में सफल हो गए। अमरसिंह के शोर मचाने पर बस्ती के अन्य लोग भी जाग गए और युवकों के पीछा किया। लेकिन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने बदमाशों का पीछा किया तो उन पर पत्थर फेके गए।
अनुमान है कि यहां आए बदमाश केंद्रीय विद्यालय के समीप अपनी बाइक खड़ी कर आए थे, ताकि आवाज से किसी को पता नहीं लगे। वही दौड़कर बाइक की मदद से भाग छूटे। बताया गया कि वारदात के दौरान दो बदमाश थे, जो देवली की ओर भागे। लोगों ने इसकी सूचना देवली पुलिस को दी। लोगों ने बताया कि पुराने अजमेर मार्ग पर रोड लाइटे पिछले काफी दिनों से बंद पड़ी है। इसकी वजह से अंधेरा रहता है। जिसका इन बदमाशों ने फायदा उठाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने स्वीकार किया इस तरह की वारदात हुई है।
कई वारदातें अनसुलझी
उल्लेखनीय है कि अब तक देवली क्षेत्र में सूने मकान से लाखों की नकदी व आभूषण चुराने, बाइक चोरी, ट्रैक्टर चोरी, नकबजनी, बर्तन चमकाने के नाम पर लूट समेत कई वारदात हो चुकी है। इनमें देवली की जनता कॉलोनी निवासी दाधीच टेंट हाउस पर पिछले दिनों बड़ी वारदात हुई। लेकिन आज तक इन वारदातों का खुलासा हुआ ना आरोपियों का पता लगा। इनमें बाइक चोरी की वारदाते तो बेलगाम हो गई। लोग भी यह मानने लगे हैं कि उनकी बाइक नहीं आएगी। हालांकि पिछले दिनों जनता कॉलोनी निवासी एक महिला के घर में हुई नकबजनी का पुलिस ने जरूर खुलासा किया। लेकिन यह सफलता अब तक हुई वारदातों के मुकाबले ऊंट के मुंह में जीरे के समान है।



