पुलिस अधिकारियों ने ट्रस्ट के साथ की बैठक
Deoli News 25 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बोरड़ा (बोयड़ा) गणेश मंदिर में इस साल गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर 26 अगस्त को रात्रि जागरण और 27 अगस्त को भव्य मेले का आयोजन होगा।
रविवार को इस आयोजन की तैयारियों को लेकर पुलिस अधिकारियों ने मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में देवली के उपाधीक्षक रामसिंह और थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर शामिल हुए। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरिराज जोशी ने बताया कि 26 अगस्त की रात को सवाईमाधोपुर की विजय छाण पार्टी द्वारा भजनों का रात्रि जागरण किया जाएगा। अगले दिन 27 अगस्त को, गणेश चतुर्थी पर भगवान गजानन की मनमोहक झांकी सजाई जाएगी और हर साल की तरह विशाल मेले का आयोजन होगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार मंदिर परिसर में ही वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।
दुपहिया वाहनों के लिए 4 और चौपहिया वाहनों के लिए एक अलग जगह तय की गई है, ताकि पार्किंग सुव्यवस्थित रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय रहेगा। यदि इस बीच ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, तो पुलिस गणेश रोड तिराहे पर ही वाहनों को रोक देगी। इसके अलावा, ट्रस्ट द्वारा लोगों को बीसलपुर बांध के पूरी तरह भरे होने के कारण सड़क के दोनों ओर पानी भरा होने के बारे में जागरूक किया जाएगा और उनसे सड़क किनारे वाहन पार्क न करने का आग्रह किया जाएगा। जाम की स्थिति पर वाहनों को रोका जाएगा और यातायात साफ होने पर वाहनों को जाने की अनुमति होगी। बैठक में गिरिराज जोशी के अलावा, ट्रस्ट के 10 अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
जिनमें कालूराम, जुगनूराम, अनिल, बंशीलाल, चंद्रभान और पप्पू लाल शामिल थे। बैठक के बाद देवली यातायात प्रभारी गिरिराज जाट, पुलिसकर्मी जयसिंह समेत ट्रस्ट के सदस्य गणेश मंदिर परिसर पहुंचे और पार्किग स्थलों का अवलोकन किया।


