हनुमान नगर पुलिस की कार्रवाई
Deoli News 25 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कुंचलवाड़ा रोड स्थित एक घर में दबिश देकर अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है।वहीं एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
हनुमान नगर थाना अधिकारी गणेशाराम मीणा के अनुसार मुखबिर से कुंचलवाड़ा रोड स्थित एक मकान में अवैध मादक पदार्थ के होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने इस मकान में दबिश देकर वहां पर अलग-अलग रखे हुए मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर मौके पर वजन करवाया। अवैध मादक पदार्थ में एक किलो डोडा चूरा, 5 किलो गांजा एवं 400 ग्राम अफीम का दूध पाया गया तथा मकान में आरोपी शंकर लाल खटीक पुत्र रामपाल खटीक निवासी कुंचलवाड़ा रोड को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं जांच पंडेर थाना अधिकारी कमलेश कुमार को सौंप दी गई है। थानाधिकारी ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ की कीमत लाखों रुपए है।



