सर्वसमाज ने उपखंड कार्यालय के बाहर दिया धरना
Deoli News 17 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के एस्कॉर्ट वाहन की टक्कर से हुई हिमांशु धाकड़ पुत्र शिशुपाल धाकड़ की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर सर्वसमाज ने सोमवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय देवली के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है।
पहले दिन यह धरना चांदली गांव के नेतृत्व में दिया गया, जिसमें सर्वसमाज ने एकजुट होकर धरना दिया। वहीं मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी देवली के माध्यम ज्ञापन सौपा गया। इसमें बताया कि गत 12 अक्टूबर को ऊर्जा मंत्री के एस्कॉर्ट में चल रहे एक ओवर-स्पीड वाहन ने गोपीपुरा निवासी हिमांशु धाकड़ पुत्र शिशुपाल धाकड़ को टक्कर मार दी थी, जिसकी उपचार के दौरान 13 अक्टूबर की रात्रि में एसएमएस अस्पताल जयपुर में उनकी मृत्यु हो गई। ज्ञापन में उल्लेख किया कि मृतक हिमांशु धाकड़ अपने परिवार का इकलौता वारिस और पाँच बहनों का अकेला भाई था।

मृतक के पिता मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है। दुर्घटना से परिवार पर बड़ा संकट आ गया है। ज्ञापन में बताया कि सर्वसमाज ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, अन्य सहायता और परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने की मांग की थी। लोगों ने इसे लेकर 16 अक्टूबर और 7 नवंबर को भी मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन सरकार द्वारा अभी तक कोई उचित कार्रवाई या ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे सर्वसमाज में रोष है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द उचित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को राहत नहीं दिलाई गई, तो सर्वसमाज आंदोलन करने के लिए तैयार होगा। इस दौरान लोगों ने उपखंड कार्यालय के बाहर धरना दिया।
विधायक जयदीप बिहाणी का दबंग अंदाज, कलेक्टर को कहा, ज्यादा बकवास करने की जरूरत नहीं


