Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में पिछले कुछ दिनों से साइकिल चोर सक्रिय है। यह चोर घर, मंदिरों, स्कूलों के बाहर खड़ी साइकिलों को मौका पाकर चुरा रहे हैं। सोमवार रात शहर के पटेल नगर से एक साइकिल चोरी हुई है।

उक्त वारदात मंदिर के गेट पर लगे कैमरे में कैद हुई है। जानकारी के मुताबिक यह साइकिल चिरंजीलाल जैन की है। वे रोजाना की तरह शाम को पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दर्शन करने आए थे। वे साइकिल मंदिर के बाहर खड़ी कर भीतर चले गए। वहीं दर्शन कर लौटने से पहले एक युवक उनकी साइकिल को चुरा कर ले गया। यह युवक पहले मंदिर में गया और स्थिति भांपकर साइकिल चुरा कर ले गया। इससे पहले गत 19 अक्टूबर सुबह 7:30 बजे एजेंसी एरिया गुर्जर मोहल्ला स्थित फ्यूचर पब्लिक स्कूल के बाहर से भी साइकिल चोरी हुई थी। उल्लेखनीय कि पिछले वर्ष 2023 में भी एक साथ कई साइकिल चोरी हुई थी। बाद में पुलिस ने एक दर्जन साइकिल बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द की थी।



