Deoli News 7 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका क्षेत्र के देवली (गांव) में शुक्रवार दोपहर घीसालाल जांगिड़ के मकान में संभावित शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई।
हादसे के समय मकान मालिक घर पर मौजूद नहीं था। आग लगने की सूचना मिलते ही पड़ोसियों एवं ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। सूचना मिलने पर करीब सवा एक बजे अग्निशमन प्रभारी कुलदीप सिंह ने दमकल वाहन रवाना किया। फायरमैन प्रद्युम्न सिंह एवं नीरज कुमार चौधरी दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे और एक गाड़ी पानी डालकर आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल केंद्र की सूचना के मुताबिक आग से मकान में रखा टीवी, रंग की बाल्टी, दो कुर्सियां सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
दमकल कर्मचारियों ने बताया कि मकान मालिक की गैरमौजूदगी के चलते आग से हुए नुकसान का फिलहाल अनुमान नहीं लगाया जा सका। ग्रामीणों की तत्परता और समय पर पहुंची दमकल टीम के प्रयासों से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया।


