Deoli News 8 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) महाशिवरात्रि के मौके पर शुक्रवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने नीलकंठ भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा अर्चना की।
इस मौके पर शिवालयों में पूरे दिन भगवान शंकर के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। खासकर यह भीड़ क्षेत्र के लकड़ेश्वर महादेव मंदिर में सर्वाधिक देखी गई। जहां हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों के साथ पहुंचकर भगवान शिव शंकर के दहलीज पर माथा टेका तथा उन्हें भांग, धतूरा, बिल पत्र, माला, पुष्प अर्पित कर पूजा अर्चना की। इसी तरह गाडोली स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। यहां श्रद्धालुओं ने मछलियों को आटा डालकर पुण्य कमाया। भूतेश्वर महादेव मंदिर, क्षेत्र के गौकणेश्वर महादेव मंदिर, बस स्टैंड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर समेत शिवालयों में पहुंचकर लोगों ने जल अर्पित किया तथा पंचामृत से अभिषेक कर फल पुष्प आदि भेंट किया। शिवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं ने व्रत, उपवास रखें।
वही महामृत्युंजय मंत्र, पंचाक्षरी मंत्र, शिव रक्षा स्त्रोत, शिव तांडव, शिव चालीसा आदि का पठन कर भगवान शंकर की भक्ति की। इससे पहले देवली के नीलकंठ महादेव मंदिर में भगवान शिव की झांकी सजाई गई तथा रातभर जागरण हुआ। यह जागरण का दौर अन्य मंदिरों में भी रहा।


