वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे आज
Deoli News 10 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हर वर्ष 10 अक्टूबर को वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे मनाया जाता है। इस दिन मेंटल हेल्थ के बारे में लोगों को जागरूक किया जाता है। मनोचिकित्सक डॉ. शुभम झंवर का कहना है हर साल 10 अक्टूबर को मनाया जाने वाला विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस हमें याद दिलाता है कि हमारा मानसिक स्वास्थ्य उतना ही जरूरी है, जितना हमारा शारीरिक स्वास्थ्य है।
वहीं इससे जुड़ी समस्याओं से पीड़ित लोगों को मदद करना व उनके लिए सही सुविधाएं मुहैया करवाना भी वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे मनाने का उद्देश्य है।
यह है इस साल की थीम
इस साल वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे की थीम “मेंटल हेल्थ एट वर्क” हैं। ये थीम काम की जगह और कर्मचारियों की मेंटल हेल्थ के बीच संबंध पर जोर दे रही है। वर्कप्लेस पर कर्मचारियों के लिए सकारात्मक वातावरण और वर्क-लाइफ बैलेंस को बनाने पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
ऐसे रखें अपने मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल
डॉ. झंवर ने बताया कि बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए स्वयं के लिए समय निकालें। अपनी पसंदीदा गतिविधियों में शामिल हों। वहीं परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएं।
इसी तरह नियमित एक्सरसाइज करें, हेल्दी डाइट लें और पूरी नींद लें। इसके अलावा योग, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रिया भी मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है। इसके बावजूद यदि लगता है कि रोगी को मदद की जरूरत है तो किसी प्रोफेशनल डॉक्टर से मिलना चाहिए। खुशहाल जीवन के लिए मानसिक स्वास्थ्य बहुत जरूरी है।


