Deoli News 4 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) धुंआ कला क्षेत्र के मोती सागर बांध के 25 फीट ऊंचे झरने पर नहाने व मौज मस्ती के लिए आने वाले सैलानियों के लिए नेगेटिव खबर है। गत सप्ताह झरने में डूबने से एक युवक की मौत के बाद प्रशासन ने झरने पर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेट्स व अवरोध लगाकर पूरी तरह से बंद कर दिया है।
साथ ही 24 घंटे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के बावजूद सैलानियों की भीड़ आई, लेकिन पाबंदी के चलते उन्हें निराश लौटना पड़ा। मोती सागर बांध के झरने को देखने के लिए दूर-दूर से सैलानी आते हैं, लेकिन अब सुरक्षा कारणों से यहां जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। हालांकि यह बेहद जरूरी भी था, ताकि लोगों की जान सुरक्षित रह सके। गौरतलब है कि मोती सागर बांध से 25 फीट ऊंचाई से झरना गिरता है। यहां हर साल बांध के झरना गिरना शुरू होते ही जयपुर, टोंक, निवाई, केकड़ी, चाकसू, शिवदासपुरा, देवली, उनियारा, अलीगढ़ और आसपास के इलाकों से सैलानी आते हैं। लेकिन अब सुरक्षा कारणों से यहां जाना पूरी तरह से बंद है।



