Deoli News 29 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के आवां में शुक्रवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम और ग्राम न्यायालय का आयोजन किया गया। यह आयोजन तालुका विधिक सेवा समिति, देवली द्वारा किया गया।
समिति सचिव विजय गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यायिक अधिकारी ग्राम न्यायालय हर्ष मीणा द्वारा की गई। उन्होंने आम जनता को मोबाइल न्यायालय की कार्यप्रणाली, प्रकरण दायर करने की प्रक्रिया, और विधिक सहायता से संबंधित जानकारी दी। इसके अलावा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और उनके द्वारा संचालित कार्यक्रमों और योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। यहां रीडर भजनलाल मीणा भी उपस्थित थे।
ग्राम न्यायालय में प्रकरण दायर करने की प्रक्रिया के बारे में बताया कि यह बहुत ही सरल है और नाममात्र न्याय शुल्क अदा करके एक प्रार्थना पत्र के माध्यम से न्याय प्राप्त किया जा सकता है। ग्राम न्यायालय के उद्देश्य से लोगों को अवगत कराया गया कि विवादों के समाधान के लिए सुलहकर्ताओं की मदद से पक्षकारों के बीच समझौते का प्रयास किया जाता है। ग्राम न्यायालय के क्षेत्राधिकार के बारे में बताया गया कि कम मालियत के वसूली प्रकरण, कब्जा संबंधी विवाद, धोरों का विवाद, कुएं से पानी लेने संबंधी विवाद, दो वर्ष तक के कारावास से दंडित अपराध आदि प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई की जाकर न्याय दिलाने का प्रयास किया जाता है।
ग्राम न्यायालय द्वारा पक्षकारों को न्यायालय में बुलाए जाने के स्थान पर उनके संबंधित गांव में चल न्यायालय का आयोजन किया जाकर न्याय के दरवाजों को ग्रामीण जन तक ले जाया जाता है।


