Deoli News 31 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को दूनी में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना कटारिया ने रन फॉर यूनिटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विद्यालय से मीरा सर्कल तक निकाली गई। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के देश के एकीकरण में योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कैलाश वर्मा, कैप्टन पूर्णवीर सिंह रोझ, सुरेंद्र सिंह नरुका सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद थे।
वहीं राजकीय महाविद्यालय देवली में शनिवार को माय भारत केंद्र टोंक एवं युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नशा-मुक्त युवा’ रहा। लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कुमार कट्टा ने युवाओं को माय भारत पोर्टल की जानकारी देते हुए सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में भागीदारी का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो. पूरणमल वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नशा मुक्ति केंद्र की नोडल प्रभारी निकिता वर्मा, विशाल सैनी एवं प्रियंका शर्मा ने नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला।
अंत में युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान महाविद्यालय के संकाय सदस्य, एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी मौजूद थे।


