Deoli News 20 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भाजपा नेता विजय बैसला ने मंगलवार रात करीब 10 बजे देवली चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसे लेकर उन्होंने चिकित्साकर्मियों से जानकारी जुटाई। शहर मंडल उपाध्यक्ष राकेश ओसवाल ने बताया कि बैसला ने चिकित्सालय में मौजूद डॉ. जगनलाल मीना से बातचीत कर जानकारी ली।
उन्होंने वार्ड में घूमकर रोगियों को चिकित्सीय सेवाओं के बारे में पूछा। वहीं शौचालय में जाकर साफ सफाई की व्यवस्थाओं का आकलन किया। यह व्यवस्था सही पाई गई। इसके अलावा वार्ड बॉय व नर्सिंगकर्मियों से बातचीत कर उपचार में आने वाले विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने यहां पूछा कि देवली चिकित्सालय में शहर अथवा ग्रामीण क्षेत्र में से कहां से सर्वाधिक रोगी आते हैं। भाजपा नेता ने चिकित्सा क्वार्टर व खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भी देखा। इसके अलावा चिकित्सालय परिसर में बन रहे ब्लड बैंक यूनिट की भी जानकारी ली।
उनके साथ शहर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणावत, महामंत्री बंशी मेघवंशी, राजीव गोयल, राकेश ओसवाल, महेश शर्मा समेत भाजपा नेता मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी छगनलाल यादव से अब तक हुए विभिन्न विकास के कार्य व मास्टर प्लान के बारे में बात की।उल्लेखनीय है कि बैसला विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत गांव गांव जाकर योजना की प्रगति व आपूर्ति में आ रही समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने पिछले दिनों ही मार्च 2024 तक हर गांव में पानी आपूर्ति किए जाने का संकल्प अधिकारियों के साथ लिया है।



