नैनवां पुलिस की देवली में कार्रवाई
Deoli News 11 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बूंदी जिले के नैनवां थाना पुलिस ने शनिवार को देवली में किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति को लाखों के जेवरात व नगदी चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
नैनवा थाना अधिकारी पुलिस निरीक्षक कमलेश शर्मा ने बताया कि गत 2 जनवरी को थाना क्षेत्र के दुगारी निवासी ओमप्रकाश पुत्र जयकुमार जैन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें बताया कि नववर्ष के मौके पर वे आंवा स्थित जैन मंदिर गए थे। पीछे से चोरों ने टेंट वाली सीढ़ी लगाकर उनके घर में घुसकर कैमरे के तार तोड़ दिए तथा घर में रखा 65 तोला सोना, 26 किलो चांदी तथा साढे 8 लाख रुपए की नकदी चुरा ली। पुलिस ने वारदात की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। उप महानिरीक्षक व एसपी तथा आरपीएस उमा शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग थानों के पुलिस निरीक्षकों को शामिल कर एक टीम का गठन किया।
थाना अधिकारी कमलेश कुमार शर्मा ने प्रकरण में अनुसंधान फुटेज चैक करने पर वारदात में काम में ली गई संदिग्ध बोलेरो, ईको गाड़ी व मोटरसाईकिल को जब्त कर 9 आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया। थाना अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित राकेश कुमार की निशानदेही पर देवली शहर में टेलीफोन एक्सचेंज के सामने राजकुमार जैन के मकान में तीसरी मंजिल पर किराए पर रहने वाले सुरेंद्र पुत्र बद्रीलाल निवासी दूनी हाल निवासी देवली को प्रकरण में गिरफ्तार कर माल की बरामदगी की है।
उक्त प्रकरण में पुलिस ने पूर्व में भी सुरेश कुमार वर्मा पुत्र बुद्धाराम जाति मेघवाल निवासी दुगारी थाना नैनवां, राकेश उर्फ गुड्डू कहार पुत्र रामदेव कीर निवासी हनुमानजी का झोंपडा हिण्डोली, दीपक पुत्र चैनसिंह बैरवा निवासी अकतासा थाना तालेडा, खुशराम पुत्र रामलाल गुर्जर निवासी सुखपुरा थाना हिण्डोली, अजय पुत्र हनुमान सिंह राजपूत निवासी खेडला थाना तालेडा, राजेश उर्फ राजू वर्मा पुत्र हीरालाल मेघवाल निवासी दुगारी थाना नैनवां जिला बू्न्दी सहित 9 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
देवली आई पुलिस टीम में शामिल सीआई कमलेश कुमार शर्मा, हैड कांस्टेबल प्रकाशचन्द, कांस्टेबल राजेश, रामप्रसाद, रामेश्वर, बल्लोसिह, बीना व चालक भागचन्द शामिल थे।


