सवार लोगों ने कूदकर बचाई जान
Deoli News 23 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कोटा रोड से लुहारी कला जाने वाले मार्ग पर बुधवार देर रात एक हाई-प्रोफाइल बीएमडब्ल्यू कार में अचानक भीषण आग लग गई।
गनीमत यह रही कि कार में सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हनुमान नगर पुलिस और देवली दमकलकर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार लुहारी कला निवासी चेतन प्रकाश मीना की थी। बताया गया कि चेतन प्रकाश अपने दो दोस्तों के साथ देवली से लुहारी कला वापस जा रहे थे।
अनुमान लगाया जा रहा है कि रास्ते में कार के इंजन से आग शुरू हुई और एसी के चैंबर से धुआँ निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए तीनों ने तुरंत कार के गेट खोलकर बाहर निकल गए। उनके बाहर निकलते ही शॉर्ट सर्किट के कारण कुछ ही देर में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना की सूचना मिलने पर हनुमान नगर थाना पुलिस और देवली नगर पालिका के दमकलकर्मी नीरज चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और आग पर काबू पाया।
हालाँकि, आग इतनी भीषण थी कि लाखों रुपए की कीमत की बीएमडब्ल्यू कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। हनुमान नगर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।


