Deoli News 15 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना क्षेत्र के बीसलपुर निवासी शंकर लाल पुत्र गंगाराम रेगर ने वहीं के कुछ लोगों पर लाठी डंडों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए देवली थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि परिवादी ने यह घटना शुक्रवार रात 8 से 9 बजे की बताई है। रिपोर्ट में शंकर रेगर ने बताया कि वह अपने दोस्त गोलू रेगर निवासी करवर थाना इंदरगढ़ जिला बूंदी के साथ घरेलू सामान लेने के लिए कालू कुम्हार निवासी बीसलपुर की दुकान पर गया था। जहां पहले से मौजूद प्रधान प्रजापत, मोनू प्रजापत, कालूराम, गणेश, दयाराम, सियाराम, शंकर समेत निवासी बीसलपुर समेत तीन चार अन्य लोगों ने उसे अकारण गालियां दी तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। आरोप लगाया कि परिवादी को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के अलावा स्वयं के तथा उसके मित्र गोलू पर लाठी, डंडों व धारदार हथियारों से हमला किया गया। जिससे दोनों युवकों के गंभीर चोटें आई है। गोलू रेगर के सिर में गंभीर चोट आई। जिसे टोंक रेफर कर दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मामले में रिपोर्ट दी है।



