Deoli News 28 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आरबीआई की ओर से चलाए जा रहे वित्तीय साक्षरता सप्ताह के तहत एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की स्थानीय शाखा की ओर से बुधवार को छात्र-छात्राओं को बैंकिंग जानकारी दी गई। यह बैंकिंग जानकारी सरकारी स्कूल में कुचलवाड़ा में दी गई।
शाखा प्रबंधक सुनील दाधीच, बैंककर्मी सुमित गौतम, अक्षय जैन, आशीष उपाध्याय ने विद्यार्थियों को बैंकिंग आवश्यकता, डिजिटल और साइबर क्राइम से बचने की जानकारी दी है। कहा कि बचपन से ही बचत की आदत डालनी चाहिए। आज की बचत, कल का भविष्य सुरक्षित करती है। इसके अलावा साइबर क्राइम से बचने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरबीआई की ओर से वित्तीय साक्षरता चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों व लोगों को साइबर अपराध के प्रति सचेत करना। इस दौरान प्रधानाचार्य अरुण शर्मा समेत मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि भारतीय रिज़र्व बैंक 26 फरवरी से एक मार्च तक “करो सही शुरुआत-बनो फ़ाइनेंशियली स्मार्ट” विषय पर वित्तीय साक्षरता सप्ताह (एफ़एलडब्ल्यू) 2024 मना रहा है।
तकनीकी का उपयोग करें राष्ट्र हित में योगदान दे
राजकीय महाविद्यालय देवली में एनएसएस की पहली व दूसरी इकाई के तत्वाधान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी रमेश चंद मीणा व निकिता वर्मा के निर्देशन में एक संगोष्ठी हुई। संगोष्ठी में प्राचार्य पूरणमल वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर प्रत्येक विद्यार्थियों को पुस्तकों का अध्ययन करने के साथ विभिन्न तकनीकी का प्रयोग कर राष्ट्र हित में योगदान देना चाहिए। सहायक आचार्य सुमन मीणा ने स्वदेशी प्रौद्योगिकी के बारे में बताया और कहा कि भारत विकसित देश बनने जा रहा है। सहायक आचार्य डॉ. वंदना यादव ने नोबेल पुरस्कार विजेता डॉ. सीवी रमन की जीवनी पर प्रकाश डाला। इसी तरह ज्योति गुप्ता ने विद्यार्थियों को पूर्ण मनोयोग के साथ अध्ययन करने की बात कही।



