Deoli News 23 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जयपुर विद्युत वितरण निगम दूनी क्षेत्र के ग्रिड सब-स्टेशन कर्मचारियों ने बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर सहायक अभियंता चन्द्रशेखर को ज्ञापन सौंपा है।
कर्मचारी हरिप्रकाश मीणा ने बताया कि ठेकेदार बार-बार आश्वासन देने के बावजूद वेतन नहीं दे रहा है, जिससे कर्मचारियों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। वेतन मांगने पर उन्हें काम से हटाने की धमकियां दी जा रही हैं। कर्मचारियों ने बिना किसी आदेश और दुर्घटना बीमा के काम कराने पर सुरक्षा संबंधी चिंता जताई। सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचे कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि बकाया वेतन, बीमा और भविष्य निधि की राशि न मिलने तक वे कार्य का बहिष्कार रखेंगे। उन्होंने हर माह की एक से दस तारीख के बीच अनिवार्य रूप से वेतन दिलाने की मांग की। सहायक अभियंता चन्द्रशेखर ने ठेकेदार से वार्ता कर शीघ्र वेतन दिलाने का आश्वासन दिया।



