“श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव”
Deoli News 6 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री अग्रवाल पंचायत संस्था देवली के तत्वावधान में सोमवार रात आयोजित 10 दिवसीय श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत सोमवार रात छतरी चौराहा पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस दौरान विभिन्न शहरों से पहुंचे कवियों ने अपनी रचनाओं और प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।
नवयुवक मंडल के पूर्व अध्यक्ष आकाश कंछल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अग्रवाल पंचायत संस्था के संरक्षक बृजकिशोर गोयल एवं महावीर गोयल ने महाराजा श्री अग्रसेन एवं माता सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद परंपरा के अनुसार आमंत्रित कवियों का अभिनंदन किया गया। संस्था अध्यक्ष नौरतमल गोयल ने देश के जाने-माने राजस्थानी कवि बाबू बंजारा का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। कवि सम्मेलन का संयोजन बाबू बंजारा ने किया। रतलाम से आई कवयित्री सुमित्रा सरल ने सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद जयपुर के कवि अशोक चारण, प्रतापगढ़ के पार्थ नवीन, रतलाम की सुमित्रा सरल, इंदौर के रोहित झन्नाट एवं कोटा के कवि भूपेंद्र राठौड़ ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मनोरंजन किया।
बाबू बंजारा ने राजस्थानी गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल में रंग घोला, वहीं कवि अशोक चारण ने वीर रस की कविताओं के माध्यम से देश के स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। उनकी भगत सिंह पर आधारित प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साह बढ़ाया। कवियों की प्रभावी प्रस्तुतियों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा और सैकड़ों श्रोताओं ने कवि सम्मेलन का आनंद लिया। इस मौके पर श्री अग्रवाल पंचायत संस्था के पदाधिकारियों ने सभी कवियों का सम्मान किया। अग्रवाल पंचायत संस्था के उपाध्यक्ष एवं श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति के संयोजक गोरधन कंछल ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन विनोद खूंटेटा एवं दीपक गर्ग ने किया। इस दौरान कार्यक्रम में संरक्षक बृजकिशोर गोयल, महावीर गोयल, अध्यक्ष नोरतमल गोयल, उपाध्यक्ष गोरधन कंछल, मंत्री सुरेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, गजेंद्र जिंदल, मुकेश गर्ग, दिनेश सिंहल, ओमप्रकाश मंगल, महेश अग्रवाल, नीरज सिंहल, नवयुवक मंडल अध्यक्ष प्रमोद मंगल, पूर्व नवयुवक मंडल अध्यक्ष आकाश कंछल, सौरभ गोयल, राहुल ऐरन सहित संस्था एवं नवयुवक मंडल के पदाधिकारी-सदस्य, शहर के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे।
आज रक्तदान शिविर :-
श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव में मंगलवार सुबह 10 बजे से स्थानीय श्री अग्रवाल पंचायत विश्राम गृह में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।


