(पब्लिक इश्यू)
Deoli News 18 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में लगातार दूषित व गंदे पानी की जलापूर्ति होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब यह सिलसिला गुरुवार सुबह विवेकानंद कॉलोनी व जनता कॉलोनी में भी देखा गया। वहीं अन्य कॉलोनी में भी यह समस्या और हो सकती है।
जहां जलदाय विभाग की जलापूर्ति बेहद दूषित व गंदी थी। जिसे पीना छोड़ लोगों ने अन्य काम में भी नहीं लिया। विवेकानंद कॉलोनी वार्ड नं 17 व 12 के लोगों ने बताया कि यहां गुरुवार को दूसरे दिन भी गंदे पानी की जलापूर्ति हुई। नालों से पानी बर्तनों में भरने के बाद महिलाओं को पता लगा कि यह पानी बेहद दूषित है। जिसका उपयोग पीने में नहीं किया जा सकता। ऐसे में महिलाओं को यह पानी नालियों में बहाना पड़ा। इस पानी में हल्की बदबू भी महसूस की गई। वही पूर्व में रखें रिजर्व पानी से महिलाओं ने काम चलाया। वार्ड नं 17 तहसील के पास के लोगों का कहना है कि इससे पहले बुधवार को भी इसी तरह गंदे पानी की जलापूर्ति हुई थी। उधर, जनता कॉलोनी के भी कई घरों में दूषित पानी की आपूर्ति होने का मामला सामने आया है। लोगों का कहना है कि शहर में बिछ रही केबल लाइन के अंडरग्राउंड काम की वजह से कई जगह पर जलापूर्ति पाइपलाइन फूट गई है। लिहाजा लोगों को दूषित पानी मिल रहा है। लेकिन विभागीय अभियंताओं का इस ओर ध्यान नहीं है। इससे पहले भी गत 3 दिन पूर्व वार्ड नं 4 कीर मोहल्ला के लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पिछले तीन माह से दूषित पानी की शिकायत की थी। हालांकि मामला उजागर होने के बाद वहां काम शुरू हो गया है। बुधवार को वहां संभावित लीकेज पॉइंट पर गड्ढे खोदे गए।
उधर, ममता सर्कल क्षेत्र के लोगों ने व्यर्थ बह रहे पानी की बुधवार को उपखंड अधिकारी से शिकायत की। ऐसे में जलदाय विभाग की जलापूर्ति व्यवस्था बुरी तरह बाधित हो रही है। नतीजन लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।


