वनस्थली विद्यापीठ के 40 वे दीक्षांत समारोह में शामिल हुए उपराष्ट्रपति
Desk News 17 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि शिक्षा बदलाव का सबसे प्रभावी, मजबूत एवं कारगर साधन है। ज्ञान की शक्ति से ही आज भारत दुनिया की पांचवी आर्थिक महाशक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगले 2-3 वर्ष में जर्मनी और जापान भी हमसे पीछे हो जाएंगे और भारत जहां दुनिया की आबादी का छठा हिस्सा रहता है, वह तीसरी आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा।
धनखड़ ने बुधवार को निवाई कस्बे में स्थित वनस्थली विद्यापीठ के 40वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। वे फौज में जा रही है, फाइटर प्लेन उड़ा रही है, चंद्रयान-3 की सफलता के पीछे महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान था। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आपको असफलताओं से डरना नहीं है। यदि आप असफलता से डरते है, तो सफलता का रास्ता बंद हो जाता है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस टेक्नोलॉजी के युग में हमें अपने परिजनों, बुजुर्गों को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने आपके लिए बहुत कष्ट सहे है, लिहाजा आपका यह दायित्व है कि उनका सहारा बनें और समय दें। धनखड़ ने कहा कि विश्व में महिलाओं की सबसे बड़ी आवासीय शिक्षण संस्था के 40वें दीक्षांत समारोह में भाग लेना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है। वनस्थली विद्यापीठ के संस्थापक पं हीरालाल शास्त्री राजस्थान के प्रथम मुख्यमंत्री एवं संविधान निमात्री सभा के सदस्य रहे है।
धनखड़ ने सरकार के महिला सशक्तिकरण, आर्थिक प्रगति एवं महिला विकास और उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओ, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, हर घर नल जल योजना आदि का उल्लेख किया। उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति धनखड़ पत्नी सहित बुधवार को वनस्थली विद्यापीठ के 40वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उपराष्ट्रपति एवं प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी भारतीय वायुसेना के विमान से वनस्थली विद्यापीठ पहुंचे। हेलीपैड पर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, जिला प्रमुख सरोज बंसल, विद्यापीठ के अध्यक्ष प्रो. सिद्धार्थ शास्त्री, संभागीय आयुक्त महेश चंद्र शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक लता मनोज कुमार, जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा, पुलिस राजर्षि राज वर्मा, उपाध्यक्ष प्रो. ज्योति पारीक, कुलपति प्रो. ईना आदित्य शास्त्री, वनस्थली सेंटर फॉर आर्टिफिशियल के निदेशक डॉ. अंशुमान शास्त्री एवं कोषाध्यक्ष सुधा शास्त्री ने अगवानी की।



