Deoli News 20 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) चांदली स्थित आस्था के केंद्र हिंगलाज माताजी मंदिर में गुरुवार को श्रावण अष्टमी व मासिक दुर्गा अष्टमी के अवसर पर मेला भरा। इस मौके पर दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के जयकारे लगाए और पूजा अर्चना की।
दर्शन कर ध्वजा चढ़ाई और प्रसादी ग्रहण की। श्रावण मास में पहाड़ियों पर छाई हरियाली के बीच मेले में भक्तिमय माहौल रहा। मंदिर के पुजारी धर्मराज प्रजापत, भगवान, रामराज, सागर, जगदीश ने बताया कि श्रावण अष्टमी पर आसपास के क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक पैदल यात्राएं तथा गणिती गांव से रामधुनी मंडल माता के जयकारों के साथ मंदिर पहुंचा। समिति अध्यक्ष रूपलाल गुर्जर ने बताया कि हिंगलाज माताजी के यहां प्रत्येक अष्टमी को मेला भरता है। देवली, दूनी, जहाजपुर, केकड़ी, बूंदी, भीलवाड़ा, गोठड़ा व नैनवां सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं और मन्नत मांगते हैं।
श्रद्धालुओं में मान्यता है कि माता की कृपा से आंखों की रोशनी सहित अन्य मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यह मंदिर आंखों की रोशनी के लिए विशेष आस्था का केंद्र माना जाता है। उन्होंने बताया कि समीप ही माता का मुख्य मंदिर सलकनी माता जी के नाम से भी प्रसिद्ध है। अष्टमी के अलावा नवरात्रि में यहां विशेष मेला भरता है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजती हैं और श्रद्धालु खरीदारी भी करते हैं। श्रावण मास में पहाड़ियों की हरियाली मेले की सुंदरता बढ़ा रही है।



