भवई नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा
Deoli News 1 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विश्व हिंदू परिषद और धार्मिक उत्सव आयोजन समिति द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव में रविवार रात भव्य कार्यक्रम हुआ। अटल उद्यान टीनशेड में आयोजित कार्यक्रम में कोटा से आए श्याम व्यास एंड पार्टी ने गणेश वंदना से शुरुआत की।
यहां लोक कलाकार रामप्रसाद ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने भवई नृत्य में एक दर्जन से अधिक पानी भरे मटकों को सिर पर रखकर नृत्य किया। साथ ही साइकल के रिंग और जलती मटकियों के साथ भी नृत्य प्रस्तुत किया। कोटा की भजन गायिका दीक्षा राठौड़ ने ‘भारत का बच्चा-बच्चा जय श्रीराम’ और ‘म्हारी डूबतडी नैया ने पार लगावो’ भजन प्रस्तुत किए। भजन गायक अमन प्रजापति ने ‘सांवरिया जावा की मारे मन में बसी’ और ‘घणा गरीबा ने सेठ बनाया’ सहित भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने श्रीराम दरबार, राधा कृष्ण, शिव तांडव स्त्रोत और महाकाली की सजीव झांकियां भी प्रस्तुत की। गणेश महोत्सव में सोमवार रात ‘एक शाम खाटू श्याम के नाम’ का आयोजन होगा, जिसमें राहुल एंड पार्टी खाटू श्याम के भजन प्रस्तुत करेंगे। जबकि 2 सितम्बर को गणेश महोत्सव के तहत कवि सम्मेलन आयोजित होगा।



