Deoli News 17 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के रोडवेज बस स्टैंड के निकास द्वार पर पिछले कई दिनों से सड़क के बीचों-बीच गंदा पानी बहने से व्यापारी और राहगीर असुविधा उठा रहे हैं हैं। बस स्टैंड परिसर के पास मिठाई की दुकान के समीप स्थित एक छोटी नाली से दिनभर गंदा पानी निकलकर मुख्य बाजार की ओर फैल रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि दुकानों और फल-फ्रूट के ठेलों के पास यह दूषित पानी जमा होने से गंदगी और बदबू फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। पहले यह पानी गौशाला की ओर बने नाले में जाता था, लेकिन अब निकास अवरुद्ध होने से समस्या विकराल हो गई है। इसे लेकर करीब चार-पांच दिन पहले नगरपालिका अध्यक्ष को भी मौखिक शिकायत दी गई थी, लेकिन समाधान अभी तक नहीं हुआ है।
बोरिंगों के दुरुपयोग पर भी रोक लगे
इसी अलावा शहर में सरकारी बोरिंग के पानी के दुरुपयोग का मुद्दा भी प्रमुख है। लोगों ने बताया कि नगरपालिका द्वारा वार्डों में लगाए गए बोरिंग का पानी व्यर्थ बहाया जा रहा है। लोग घंटों अपनी गाड़ियाँ धोने और टॉयलेट में सीधे सप्लाई छोड़कर पानी की बर्बादी कर रहे हैं, जिससे न केवल जल स्तर गिर रहा है, बल्कि बिजली की भी अनावश्यक खपत हो रही है।
आमजन ने नगर पालिका मंडल से पुरजोर मांग की है कि बस स्टैंड के पास नाले की सफाई करवाई जाए और सरकारी बोरिंग के पानी के बेजा इस्तेमाल पर तुरंत प्रभावी रोक लगाई जाए।


