Deoli News 16 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर शहर में इन दिनों प्रभातफेरियों का आयोजन जोर-शोर से किया जा रहा है। प्रीतपाल सिंह सलूजा ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्रित होकर शहर की विभिन्न गलियों और मोहल्लों में प्रभातफेरी निकाल रहे हैं।


इस दौरान श्रद्धालु सतनाम वाहेगुरु का जाप करते हुए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके दिए मानवता, सेवा, समानता एवं भाईचारे के संदेशों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। ब्रह्म मुहूर्त में निकलने वाली इन प्रभात फेरियों से शहर का वातावरण भक्तिमय है। प्रभातफेरी में महिला-पुरुषों के साथ बच्चे भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और नाम सिमरन करते हुए स्पीकर के माध्यम से गुरु नानक देव जी के संदेशों का गुणगान कर रहे हैं। शहर की विभिन्न गलियों में प्रभात फेरी पहुंचने पर श्रद्धालु धार्मिक उत्साह के साथ इसमें शामिल हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आगामी 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी की जयंती प्रकाश पर्व के रूप में मनाई जाएगी।
इस अवसर पर गुरुद्वारों में हर वर्ष विशेष अरदास, शबद-कीर्तन और लंगर सहित विभिन्न धार्मिक एवं सेवा संबंधी आयोजन होते हैं। प्रकाश पर्व को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है।


