Deoli News 16 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कुचलवाड़ा रोड स्थित विद्युत निगम कार्यालय परिसर में विराजमान भगवान श्री सांवरिया सेठ मंदिर में शनिवार को अमावस्या के विशेष अवसर पर दानपात्र (भंडार) खोला गया।
इस दौरान श्रद्धा का सैलाब दानराशि के रूप में दिखाई दिया। जहाँ गणना के बाद कुल 5 लाख 14 हजार 346 रुपए की राशि प्राप्त हुई। उल्लेखनीय है कि इस बार प्राप्त हुई यह राशि पूर्व में निकले चढ़ावे की तुलना में कई गुना अधिक रही है। भंडार खोलने और गणना की प्रक्रिया के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष रामसिंह शक्तावत, सचिव केपी सिंह नरूका, पंकज जैन सर्राफ, संपत सुवालका और मनीष पाराशर सहित समिति के अन्य सदस्य व श्रद्धालु उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि पवित्र शिलाओं के पेटे समिति को 66 लाख रुपए प्राप्त हुए है।
मंदिर के प्रति बढ़ती आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते 14 मई को मंदिर के मुख्य गर्भगृह का शिलान्यास समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ था। उस दौरान आयोजित विशाल भंडारे में लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की थी।


