माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर बनाई नई पहचान
Desk News 21 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की महिला उप-निरीक्षक गीता समोटा ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने गत 19 मई सुबह 8,849 मीटर (29,032 फीट) ऊंचे माउंट एवरेस्ट की चोटी पर कदम रखा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सीआईएसएफ एवं उप महानिरीक्षक अजय दहिया के अनुसार गीता समोटा राजस्थान के सीकर जिले के एक छोटे से गांव चक से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी इस उपलब्धि से न केवल अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है, बल्कि देश और सीआईएसएफ का गौरव भी बढ़ाया है। गीता समोटा ने अपने करियर की शुरुआत में ही पर्वतारोहण में रुचि दिखाई और उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण चढ़ाइयों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

वह सीआईएसएफ की पहली महिला अधिकारी हैं, जिन्होंने माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर एक नई पहचान बनाई है। देवली सीआईएसएफ व बल महानिदेशक सहित सभी अधिकारी और कार्मिक उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर देवली सीआईएसएफ में भी खुशी और गर्व का माहौल है।



