Deoli News 14 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सामाजिक उत्थान की दृष्टि से समाज को एक जाजम के नीचे लाने व महंगाई की मार से बचाने, खर्च से बचाने को लेकर दूनी कस्बे के रामद्वारा दुणजा माता धर्मशाला में बुधवार को सेन समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित हुआ।
यहां वैदिक मंत्र के साथ आचार्य रमेश पारीक व धन्नालाल पारीक ने फेरे कराए। इससे पहले वर वधू की शोभायात्रा निकाली गई। समाज के लोगों की ओर से द्वारा बोलिया लगाई गई। इसमें स्वर्ण कलश की बोली दूनी के कालूराम भाटी 16 हजार 100 रुपए की प्राप्त की। सामूहिक विवाह सम्मेलन में पड़ोसी जिले के जोड़े भी आए। इस दौरान दुल्हन को डबल बेड, सोफा, कलर टीवी अलमारी, फ्रिज, कूलर सोने के कानों के टॉप्स, टिकला, चांदी की पायजेब, बर्तन आदि उपहार में दिए गए। इस मौके पर सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति अध्यक्ष श्यामलाल सेन, बाबूलाल राजोरा मनीष पडियार, देवीलाल सेन, राजूलाल सहित सम्मेलन समिति के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद थे।
नवगठित दूनी नगर पालिका का 10 करोड़ का बजट पारित
मंगलवार को विधायक हरिश्चंद्र मीणा की मौजूदगी में नगर पालिका बोर्ड की प्रथम बैठक आयोजित की गई। इसमें विकास कार्यों को लेकर 10 करोड़ का बजट पारित किया गया। नगर पालिका ईओ पवन कुमार शर्मा ने बताया राजस्व खर्च के लिए 3 करोड़ 35 लाख, नवीन निर्माण के लिए 6 करोड़ 85 लाख का बजट पारित किया गया। इस मौके पर नगर पालिका के पार्षद मौजूद थे। उधर, चंदवाड ग्राम पंचायत के आकोडिया गांव में एक जनप्रतिनिधि के यहां आयोजित शादी में शरीक होने गए विधायक हरीश मीणा को ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से अवगत कराया।



