Deoli News 15 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के इंद्रपुरा गांव में सोमवार शाम जमीनी विवाद को लेकर हुए संघर्ष में दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय रेगर महासभा ब्लॉक देवली ने मंगलवार को एसडीओ मनोज कुमार मीणा को ज्ञापन सौपा है।
ज्ञापन में बताया कि रेगर समाज के लोगों की जमीन पर एक अन्य समाज के लोगों ने अवैध कब्जा किया है। उन्हें रोकने के लिए खातेदार व उसके परिजन मौके पर गए तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया। यहां तक की ट्रैक्टर चलाकर लोगों पर हमला किया गया। इस खूनी संघर्ष में 10 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें जयपुर भी रेफर किया गया है। ज्ञापन प्रस्तुत कर अखिल भारतीय रेगर महासभा ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान महासभा जिलाध्यक्ष शंकरलाल हाथीवाल, ब्लॉक अध्यक्ष यादवराय बदलोटिया, रेगर विकास समिति के संरक्षक अंबालाल मौर्य, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश धौलपुरिया, मोहनलाल ठागरिया, रेगर समाज विकास समिति अंकित तुनगारिया, निवाई अध्यक्ष मदन लाल वर्मा, बन्नालाल वर्मा आदि मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि सोमवार शाम इंद्रपुरा में जमीनी विवाद व उसके अधिकार को लेकर दो पक्षों में जमकर टकराव हो गया। जिसमें 10 जने घायल हुए थे।


