Deoli News 16 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक निवासी एक व्यक्ति ने वास्तु हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के खिलाफ देवली थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।
प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि कंपनी ने उनसे अधिक ब्याज दर वसूली और उनके हस्ताक्षरों का दुरुपयोग किया। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित कमलेश चावला ने 2017 में वास्तु हाउसिंग फाइनेंस कंपनी से एक हाउसिंग लोन लिया था। जिसकी मूल राशि और ब्याज पूरे जमा हो चुके थे। व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि 2023 में उन्हें मालूम हुआ कि कंपनी ने उनसे 12% की बजाय 18-19.95% की ब्याज दर वसूली। जब व्यक्ति ने इस बारे में कंपनी से देवली कार्यालय में संपर्क किया, तो उनसे दो 500-500 रुपए के स्टाम्प अकाउंट सेटल करने के लिए मंगवाए गए और कहा कि लोन अकाउंट जल्द ही समाप्त हो जाएगा।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कंपनी के कर्मचारियों ने उनके और उनकी पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर किए और स्टाम्प का दुरुपयोग किया। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने कभी भी लोन के लिए हस्ताक्षर नहीं किए और न ही उन्होंने किसी भी लोन की गारंटी दी। व्यक्ति ने पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई करने और कंपनी के कर्मचारियों को सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों ने ही कर दी युवक की खौफनाक हत्या, जेसीबी से निकाला गया शव, जानिए वजह


