Deoli News 11 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी के बस स्टैंड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में मंगलवार रात 165वां अखंड श्री हनुमान चालीसा सामूहिक पाठ श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ।
इस मौके पर 51 नारियलों से दिव्य ज्योति प्रज्वलित की गई तथा भजन संध्या का आयोजन किया गया। गिर्राज दाधीच ने बताया कि कस्बे में खुशहाली, अमन-शांति, अच्छी बारिश, प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा और धार्मिक भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 जून 2023 से संकट मोचन हनुमान मंदिर में अखंड हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। मंगल के अवसर पर आयोजित 165वें पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद संकट मोचन हनुमान दरबार में 51 नारियलों से दिव्य ज्योति जलाई गई।
मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक डटे रहे। यहां भजन संध्या में गायक कलाकार अनिरुद्ध खांडल सहित लोकेश झवर, अशोक शर्मा, डॉ. गणपत सिंह, गौतम शर्मा, हंसराज तिवाड़ी, समीर सोनी, सत्यनारायण तिवाड़ी और सुधांशु खांडल ने बालाजी दरबार में भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।



