Deoli News 22 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय विस्थापित संघर्ष समिति देवली द्वारा बीसलपुर बांध की ऊँचाई नहीं बढ़ाने की मांग को लेकर दिया जा रहा धरना रविवार को 62वें दिन भी जारी रहा।
इस दौरान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने घटियाली में केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्याओं और विधानसभा में चल रहे प्रश्नों से अवगत करवाया। समिति ने विधायक को बताया कि यदि बांध की ऊँचाई बढ़ाई जाती है, तो क्षेत्र के करीब 16 गांव डूब क्षेत्र की जद में आ जाएंगे, जिससे हजारों ग्रामीण विस्थापित हो जाएंगे। ग्रामीणों ने पुरजोर मांग की कि सरकार बांध की ऊँचाई न बढ़ाने के संबंध में प्रभावी कार्रवाई अमल में लाए।
विधायक गौतम ने विस्थापितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि वे इस संवेदनशील मामले को लेकर सरकार के उच्च स्तर पर चर्चा करेंगे और जनहित में उचित कदम उठाएंगे। यहां समिति से सत्यनारायण सरसडी, रंगलाल मीणा, केसर लाल मीणा, यादराम मीणा, हरलाल मीणा, बंसी मीणा, सतीश वर्मा, डॉ. प्रहलाद मीणा, सुनीता मीणा, रतनलाल हाडा, पांचु मीणा, मनोज मीणा, महेंद्र मीणा, दुर्गालाल खींची सहित विस्थापित थे। इससे पहले देवली में एडीएम से हुई वार्ता भी विफल रही थी।



