Deoli News 22 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश के अधिवक्ताओं की सबसे बड़ी संस्था बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) के चुनाव के लिए बुधवार सुबह 8 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। करीब 8 साल के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इन चुनावों को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह है।
देवली मतदान केंद्र पर सुबह से ही अधिवक्ता मताधिकार का उपयोग करते नजर आए। देवली में अधिकृत मतदाता अधिवक्ता 87 मतदाता शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रदेशभर में 23 पदों के लिए 234 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 84 हजार से अधिक वकील करेंगे। गौरतलब है कि एक अधिवक्ता 23 प्रत्याशी को मत कर सकता है। देवली में चल रही मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण एडिशनल ऑब्जर्वर एवं उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने किया। इस दौरान देवली अभिभाषक संघ अध्यक्ष ललित चौहान भी साथ थे। चुनाव अधिकारी शिवजीराम डवाडिया ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल, कैमरा, स्कैनर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। केवल अधिकृत मतदाताओं को ही जांच के बाद केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। शाम 5 बजे मतदान समाप्त होने के बाद सभी मत पेटियों को सील कर जिला न्यायाधीश के पास जमा करवाया जाएगा। इसके बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अगले दिन इन मतपेटियों को जोधपुर भेजा जाएगा। बीसीआर चुनाव की मतगणना 29 अप्रैल से जोधपुर में शुरू होगी।



