Deoli News 21 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने करीब तीन माह पुराने सड़क हादसे के मामले में न्यायालय के आदेश पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार इन्द्रपुरा निवासी रामनारायण मीणा पुत्र केसरलाल मीणा ने परिवाद में बताया कि गत 17 अप्रैल को वह देवली सब्जी मंडी से सब्जी बेचकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। कासीर मोड़ बालाजी के करीब नेगड़िया मार्ग पर एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। हादसे में उनके सिर, हाथ और घुटनों में चोटें आईं तथा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवादी का आरोप है कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय में परिवाद दिया। न्यायालय के आदेश पर देवली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई गोपाल सिंह को सौंपी है।



