-
देवली के एजेंसी एरिया से ट्रैक्टर ट्राली चुराने का है आरोप
-
देवली पुलिस की सफलता
Deoli News 5 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिछले 8 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक टोंक के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और निरंतर पीछा करते हुए आरोपी अकरम पुत्र दीनू खाँ को धर दबोचा। थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी अकरम पुत्र दीनू खाँ मेव मुसलमान है, जो कि भरतपुर जिले के थाना जुरहरा के अंतर्गत आने वाले गांव खेडलीकाजी का निवासी है। यह आरोपी साल 2018 से ही पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने आखिरकार इसे हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।

“यह है मामला”
थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला 27 मार्च 2018 का है। उस दौरान देवली थाना क्षेत्र के एजेंसी एरिया से अज्ञात चोरों ने एक ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी कर ली थी। इस संबंध में पीड़ित शोभाराम प्रजापत निवासी टांकावास थाना सावर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से पता चला कि चोरी के ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक बिना नंबर की कैंपर गाड़ी एस्कॉर्ट कर रही थी। इसके सबूत सरवाड़ टोल के सीसीटीवी में कैद हुए थे।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों नन्दलाल गुर्जर और निजाम खाँ को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन तीसरा मुख्य आरोपी अकरम तब से ही फरार चल रहा था। अकरम की गिरफ्तारी का मुख्य कारण वर्ष 2018 में की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की चोरी है, जिसमें वह लंबे समय से वांछित था। इसके अलावा, वह एक “आदतन अपराधी” है जिसके खिलाफ राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
उसके विरुद्ध चोरी, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई दल में सहायक उप निरीक्षक सीताराम, पुलिसकर्मी राजपाल, करताल और भागचंद शामिल है।


