Deoli News 14 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार को बसंत पंचमी महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर मां सरस्वती वीणा धारिणी को नमन किया गया।
सरकारी व निजी स्कूलों में मां सरस्वती का वंदन किया गया। विद्यार्थियों ने भी पीले वस्त्र पहने। इसे लेकर घरों में पीले चावल बनाए गए तथा मां सरस्वती को भोग लगाया गया। घर-घर में मां सरस्वती का पूजन किया गया। बस स्टैंड परिसर स्थित गायत्री मंदिर में वेदमाता गायत्री को पीले वस्त्र पहनाए गए तथा यज्ञ हुआ। इसी तरह सिरोही गांव में स्थित खाटू श्याम मंदिर में भगवान खाटू श्याम का पीले पुष्प से श्रृंगार किया गया। बसंत पंचमी महोत्सव पर मां सरस्वती की विधिवत पूजा अर्चना की गई। वहीं मंदिरों में भी इस मौके पर श्रद्धालुओं ने देव दर्शन किए। मान्यता है कि बसंत पंचमी को मां सरस्वती का जन्म हुआ था। इसी दिन मां हाथों पुस्तक, वीणा और माला लिए श्वेत कमल पर विराजमान होकर प्रकट हुई थी।
साथ ही बसंत पंचमी से ही वसंत ऋतु की शुरुआत होती है। शास्त्रों के अनुसार, बसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की पूजा करने से मां लक्ष्मी व देवी काली भी प्रसन्न होती हैं।


