Deoli News 25 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) युगपुरुष व संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर को रविवार को श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में सर्व समाज की ओर से विनयांजलि अर्पित की गई।
आयोजन की शुरुआत में तीन दर्जन दीपक प्रज्वलित किए गए। वहीं सभी समाज के अध्यक्षों ने आचार्य विद्यासागर के चित्र के समक्ष दीप जलाए। इस दौरान णमोकार मंत्र के द्वारा विनयांजलि की शुरुआत हुई। शांतिलाल सोनी ने आचार्य के जीवन पर प्रकाश डाला। वही महावीर कुमार जैन, रमेश जिंदल, मोतीलाल, रमेश शर्मा, घीसालाल टेलर, चांदमल जैन समेत महिला व पुरुषों ने आचार्य को आदर्श व प्रेरणा का स्रोत बताते हुए विनयांजलि अर्पित की।
आचार्य के संस्मरण सुनाए
इसी तरह गोपाल चौक आंवा में रविवार को आचार्य विद्यासागर के संलेखनापूर्वक समाधि पर विनयांजली एवं गुणानुवाद सभा हुई। इसमें लोगों ने आचार्य के सानिध्य में बिताए अविस्मरणीय क्षणों को सभा में सुनाया। इनमें पूर्व कृषि मंत्री व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुलाल सैनी ने बताया कि आज भी आचार्य लोगों के दिलो दिमाग में जीवंत है।
उन्होंने कहा कि 2020 में आचार्य के चरण छूने से, जो उर्जा प्राप्त हुई, वह अकल्पनीय है। आवा सरपंच दिव्यांश महेन्द्र भारद्वाज बताया कि आवा में लाइब्रेरी का नाम आचार्य विद्यासागर के नाम पर रखा है। कई वक्ताओं ने आचार्य के जीवन, त्याग, तपस्या और उनके द्वारा किए गए कार्य को बताया।


