जिला कलक्टर के नाम एडीएम को दी शिकायत
Deoli News 26 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड मोती पेट्रोल पंप के समीप निवासी एक परिवार के आधा दर्जन लोगों ने सोमवार को जिला कलक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन सौपा है। इसमें पटवारी तथा गिरदावर पर आरोपियों को बचाने व फसल बेचकर राजकोष को नुकसान पहुंचाने आरोप लगाया है।
पीड़ित गुलशेर मोहम्मद, सद्दाम हुसैन, नजमुद्दीन, रईस अहमद, शफीक अहमद ने यह शिकायत दी है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि उनके दादा सरदार शेर बहादुर खां की राजी भूमि खसरा नं 69 कुंदेड़ा में स्थित है। डूब से पहले प्रतिवर्ष खाली होने पर 2009-10 तक उनके दादा ने यहां कब्जा काश्त की तथा पेनल्टी राशि जमा कराई। लेकिन उनकी मृत्यु के बाद प्रार्थी के पिता अली शेर, अहमद नूर, अब्दुल जब्बार उक्त भूमि पर प्रतिवर्ष पेनल्टी राशि जमा कराकर काश्त करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी वहां सरसों की खेती की गई। लेकिन फसल काश्त की शिकायत होने पर फसल को राजसात कर तहसीलदार देवली के आदेश से हल्का पटवारी व गिरदावर ने गत 13 फरवरी को ढाई हेक्टेयर भूमि अपने कब्जे में ले ली। आरोप लगाया कि दोनों इन राजस्व कर्मचारियों ने फसल की नीलामी के लिए 19 फरवरी को सुबह 10 से दोपहर एक बजे का समय दिया। लेकिन नीलामी से पहले आरोपियों ने इन कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर फसल काट ली व चुराकर ले गए।
शिकायत में बताया कि कर्मचारियों ने आरोपियों को बचाने के लिए उक्त चोरी की गई फसल की नीलामी का फर्जी दस्तावेज भी बना लिया। इससे राजकोष को नुकसान हुआ है। ज्ञापन में चोरी की गई फसल बरामद करने तथा दोषी राजस्वकर्मियों पर मामला दर्ज करने की मांग की गई।


